Haryana wather update:हरियाणा में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 26, 27 और 28 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, जिससे तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। इस बदलाव का असर मार्च के पहले हफ्ते तक बना रह सकता है।
इन जगहों पर होगी बारिश
बुधवार, 26 फरवरी को चंडीगढ़ और पंचकुला सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अम्बाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
वहीं, गुरुवार को चंडीगढ़, पंचकुला, अम्बाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में तेज बारिश के साथ तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
तापमान में होगी गिरावट
शुक्रवार, 28 फरवरी को भी हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। चंडीगढ़ और पंचकुला में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि अम्बाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और आसपास के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
फसलों को होगा नुकसान
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन बारिश के बाद दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम ठंडा और सर्द महसूस होगा। लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि उनकी फसल पर अधिक प्रभाव न पड़े।