Mahindra XUV400 : महिंद्रा की इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर रेंज में अब कई नए मॉडल्स शामिल हैं, जिसमें से XUV400 एक प्रमुख एंट्री लेवल मॉडल है। महिंद्रा ने इस इलेक्ट्रिक SUV पर इस महीने ग्राहकों के लिए खास ऑफर पेश किया है, जिसमें ग्राहकों को 4 लाख रुपए तक का डिस्काउंट मिल सकता है। दरअसल, 2024 मॉडल्स का स्टॉक अभी भी उपलब्ध है, जिसे कंपनी खाली करने के लिए यह आकर्षक ऑफर दे रही है। इस ऑफर के तहत, केवल XUV400 के टॉप EL Pro वैरिएंट पर यह डिस्काउंट उपलब्ध है। यह डिस्काउंट MY2024 और MY2025 दोनों मॉडल्स पर लागू है। MY2024 मॉडल पर सबसे ज्यादा 4 लाख रुपए तक की छूट मिल रही है, जबकि MY2025 मॉडल पर 2.5 लाख रुपए तक के बेनिफिट्स मिल रहे हैं। इनकी एक्स-शोरूम कीमत 15.49 लाख रुपए से शुरू होती है।
एडवांस फीचर्स और नई तकनीक
महिंद्रा XUV400 को हाल ही में अपडेट किया गया है, और इसे नए PRO वैरिएंट्स में पेश किया गया है। इसके नए EC PRO और EL PRO वैरिएंट्स में पहले से ज्यादा एडवांस फीचर्स और नई तकनीक दी गई है। इसकी डिजाइन में भी कई बदलाव किए गए हैं, जैसे कि डैशबोर्ड और क्लाइमेट कंट्रोल पैनल को अपडेट किया गया है। अब यह अधिक आधुनिक और आकर्षक दिखता है। इसके पैसेंजर साइड डैशबोर्ड में पियानो ब्लैक इंसर्ट दिया गया है, जो इसकी प्रीमियम अपील को और बढ़ाता है। XUV400 में 34.5 kWh बैटरी पैक है, जो 375 किमी की रेंज देता है, वहीं 39.4 kWh बैटरी पैक के साथ 456 किमी की रेंज मिलती है।
क्लाइमेट कंट्रोल यूनिट
इसकी क्लाइमेट कंट्रोल यूनिट भी XUV700 और स्कॉर्पियो N के समान है, और इंफोटेनमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है। अब इसमें 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले शामिल किया गया है। सेंट्रल एसी वेंट को नए तरीके से डिज़ाइन किया गया है, और अब इसमें टाइप-सी USB चार्जर और रियर एसी वेंट्स भी हैं।
स्मार्ट फीचर्स
XUV400 में सुरक्षा के लिहाज से 6 एयरबैग, रिवर्स कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESP) जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा, इसमें सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप और हाईट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।