Mp News : मार्च का महीना एमपी में घूमने के शौकीन लोगों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। इस महीने प्रदेश में खूब सरकारी छुट्टियां पड़ रही हैं। एमपी के सरकारी विभागों के साथ ही बैंकों में भी मार्च 2025 में खूब छुट्टियां हैं। ऐसे में सरकारी अधिकारी, कर्मचारी होली जैसे त्योहार का लुत्फ उठाने के साथ ही कहीं बाहर जाकर अपनी छुट्टियों का पूरा फायदा उठा सकते हैं।
उनके पास परिवार और दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का अच्छा मौका है। मार्च में एक बार लगातार तीन दिन की छुट्टी पड़ रही है। लगातार पड़ रही इन छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए आप ट्रिप प्लान कर सकते हैं। उज्जैन में भी छुट्टी के नए आदेश ने कर्मचारियों और अधिकारियों को खुश कर दिया है। इस बार होली जैसा रंग और उत्साह, उमंग का त्योहार मार्च के मध्य में आ रहा है।
उत्साह के इस त्योहार के रंग में डूबने के लिए हर कोई आतुर है। इस महीने स्कूलों से लेकर सरकारी दफ्तर और बैंक कई दिन बंद रहेंगे। ऐसे में त्योहारों से भरे मार्च का मजा कुछ और बढ़ जाएगा। मार्च में बैंकों में भी खूब छुट्टियां पड़ रही हैं। प्रदेश के सभी बैंक अब 9,16, 23 और 30 मार्च को बंद रहेंगे, ये सभी दिन रविवार होने के कारण अवकाश रहेंगे। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों को क्रमश: 8 और 22 को दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टी मिलेगी। होली की छुट्टी 14 मार्च को है। 31 मार्च को ईद-उल-फितर पर कुछ बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, हालांकि ऑनलाइन सेवाएं जारी रहेंगी।
प्रदेश के सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भी इस महीने छुट्टियों का लुत्फ उठा सकेंगे। राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण दिनों पर छुट्टियां घोषित की हैं (MP Government Holiday March 2025)। हालांकि सरकारी कर्मचारियों की एक छुट्टी बेकार भी जा रही है। 30 मार्च को गुड़ी पड़वा रविवार को पड़ रही है।
सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को मार्च में एक बार लगातार तीन दिन की छुट्टी मिल रही है। खास बात यह है कि यह मौका होली जैसे बड़े त्योहार के समय आ रहा है। होली (Holi 2025) की छुट्टी 14 मार्च 2025 को है, जो शुक्रवार को है। इसके दूसरे दिन यानी 15 मार्च को शनिवार की छुट्टी है और 16 मार्च को रविवार की छुट्टी रहेगी। इस तरह प्रदेश के सरकारी अमले को लगातार 3 दिन होली मनाने का मौका मिलेगा।
इस बीच, उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने भी जिले के लिए अवकाश का आदेश जारी कर कर्मचारियों और अधिकारियों को खुश होने का मौका दिया है। कलेक्टर के ताजा आदेश में वर्ष 2025 में कलेक्टर की शासकीय छुट्टियों की घोषणा की गई है। कलेक्टर कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी छुट्टियों की सूची में उज्जैन, घट्टिया, नागदा और बड़नगर तहसील में 19 मार्च को रंगपंचमी की छुट्टी दी गई है।