Haryana wather update:हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मंगलवार रात से तेज उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। इन हवाओं के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार दिनों तक लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिन के समय धूप में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि रात के समय ठंडी हवाओं का असर रहेगा।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में 9 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। 5 और 6 मार्च को मध्यम से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 9 मार्च और 12 मार्च को दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के मौसम में हल्का बदलाव देखा जाएगा और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि, होली के बाद गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।
किसानों पर पड़ेगा असर
मौसम में बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ सकता है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले 3 से 4 दिनों तक खेतों में सिंचाई न करें, क्योंकि तेज हवाएं पकी हुई फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
विशेषज्ञों से परामर्श
विशेष रूप से गेहूं की फसल पर नजर बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञों से परामर्श लेने की सलाह दी गई है। मौसम के इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए किसान अपनी कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं, ताकि फसल को किसी भी संभावित नुकसान से बचाया जा सके। सरकार ने किसानों के लिए विशेष रूप से सलाह दी है कि वह अपनी फसलों को मौसम के प्रकोप से बचा कर रखें।